पर्यावरण-संरक्षण की दिशा में पांडवेश्वर की बड़ी पहल अजय नदी तट पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह का उद्घाटन
पांडवेश्वर: पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में विकास की निरंतर यात्रा में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया। विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती की पहल पर अजय नदी के तट पर निर्मित अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह का बुधवार को विधिवत उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन समारोह में विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने फीता काटकर और नारियल फोड़कर इस जनहितकारी परियोजना को आम जनता को समर्पित किया। यह परियोजना उखड़ा रोटरी क्लब के सहयोग से तथा ‘द ग्रुप’ की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) निधि के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित की गई है।
इस आधुनिक इलेक्ट्रिक शवदाह गृह के शुरू होने से जहां एक ओर पारंपरिक शवदाह से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के लोगों को अंतिम संस्कार के लिए एक स्वच्छ, सुव्यवस्थित और तकनीक-आधारित विकल्प उपलब्ध होगा।
उद्घाटन कार्यक्रम में आसनसोल रामकृष्ण मिशन के सचिव स्वामी सोमातानंद महाराज, अड्डा के चेयरमैन कवि दत्त, जिला परिषद की कर्माध्यक्ष अनुभा चक्रवर्ती, बहुला पंचायत के उपप्रधान वीर बहादुर सिंह, समाजसेवी विश्वदीप दे, उखड़ा रोटरी क्लब के अध्यक्ष अनुज सराफ, सचिव सुमित घोष, विशाल सिंह हांडे, असित मंडल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
वक्ताओं ने इस परियोजना को क्षेत्र के टिकाऊ और पर्यावरण-अनुकूल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया और इसके निर्माण से जुड़े सभी संगठनों एवं व्यक्तियों के प्रति आभार प्रकट किया। वहीं स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत आवश्यक और समयोचित कदम करार दिया।
Reviewed by Social Tribal News Journalist
on
January 21, 2026
Rating:

No comments: