पुरुलिया में आदिवासी वृद्ध की रहस्यमयी मौत: चुनाव आयोग के खिलाफ एफआईआर, आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
कोलकाता -: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में एक आदिवासी वृद्ध की कथित आत्महत्या को लेकर सनसनी फैल गई है। इस मामले में पुलिस ने भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की सुनवाई को लेकर पैदा हुए भय के कारण वृद्ध ने आत्महत्या की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुरुलिया जिले के पाड़ा ब्लॉक अंतर्गत अनारा ग्राम पंचायत के चौताला गांव निवासी दुर्जन माझी (82) ने 29 दिसंबर को अपने परिवार से कहा था कि वह एक टोटो (बैटरी चालित ऑटो) बुक करने जा रहे हैं। इसके बाद घर के पास ही रेलवे लाइन पर उनका शव बरामद किया गया। उसी दिन पाड़ा ब्लॉक कार्यालय में उनके एसआईआर से संबंधित सुनवाई निर्धारित थी।
घटना के बाद मृतक के बेटे कानाई माझी ने पाड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर मंगलवार को पुलिस ने औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज की। एफआईआर में “आत्महत्या के लिए उकसाना” और “आपराधिक साजिश” की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभियुक्तों के रूप में “अज्ञात अधिकारी” और “भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारी” का उल्लेख किया गया है।
इस संदर्भ में तृणमूल कांग्रेस के राज्य महासचिव और पाड़ा विधानसभा क्षेत्र के संयोजक सुजय बंद्योपाध्याय ने दावा किया कि आदिवासी वृद्ध की मौत के लिए सीधे तौर पर निर्वाचन आयोग जिम्मेदार है। उनका कहना है कि एसआईआर की सुनवाई के भय के कारण ही वृद्ध को यह कठोर कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इसी बीच, मानबाजार के पाथरकाटा गांव से भी इसी तरह की एक और घटना सामने आई है। वहां आदिवासी युवक देवराज ओरांव (23) को मतदाता सूची में “तकनीकी विसंगति” दिखाते हुए सुनवाई का नोटिस मिला था। इसके बाद रविवार रात उसने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। मृतक के परिवार का कहना है कि वे भी निर्वाचन आयोग के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए जल्द ही थाने में शिकायत दर्ज कराएंगे।
पुरुलिया जिला तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और आदिवासी नेता गुरुपद टुडू ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दबाव और उकसावे के कारण ही युवक की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि परिवार के शोक से उबरने के बाद मानबाजार थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
Reviewed by Social Tribal News Journalist
on
January 21, 2026
Rating:

No comments: