रानीसायर मोड़ स्थित शिव मंदिर के वार्षिक स्थापना दिवस पर भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय माहौल में डूबा रानीगंज
रानीगंज -: रानीगंज के रानीसायर मोड़ संलग्न शीतलदास हनुमान मंदिर परिसर में स्थित शिव मंदिर के वार्षिक स्थापना दिवस के पावन अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पीत वस्त्र धारण किए हुए भक्तों की मौजूदगी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुई। मंदिर के पुजारी बाबन उपाध्याय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। मंदिर प्रांगण से निकली यह यात्रा आसपास के इलाकों का परिक्रमा करते हुए पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई।
इस अवसर पर साधन कुमार सिंह, विजय पासवान, देवेंद्र राम काहार, छोटे लाल पासवान, अशोक मिश्रा, धर्मेंद्र राय, सिंहासन पासवान, सत्यनारायण राबानी, बाबलू बर्मा, राजू सिंह, सनोझ महतो सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव और देवी पार्वती की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान साधन कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 1999 में इस मंदिर का निर्माण हुआ था और यह एक जाग्रत मंदिर के रूप में प्रसिद्ध है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि सच्चे मन और श्रद्धा के साथ यहां आकर बजरंगबली से प्रार्थना करने पर मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष नियमित रूप से इस तरह के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें कलश यात्रा और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान शामिल रहते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आगामी दिनों में अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे और सरस्वती पूजा के दिन खिचड़ी भोग का आयोजन किया जाएगा। सभी श्रद्धालुओं से इन धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।
उल्लेखनीय है कि इस पूरे धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग सराहनीय रहा।
Reviewed by Social Tribal News Journalist
on
January 21, 2026
Rating:

No comments: